अम्बेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज को नया प्रिंसिपल मिल गया है। शासन ने प्रोफेसर अमीरुल हसन की जगह डॉ. आभास कुमार सिंह को कॉलेज का प्रधानाचार्य नियुक्त किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. आभास कुमार सिंह को तत्काल प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
प्रोफेसर अमीरुल हसन, जो अब तक मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल का कार्यभार देख रहे थे, का स्थानांतरण उनके गृह जिले प्रयागराज मेडिकल कॉलेज में कर दिया गया है। लंबे समय से प्रयागराज मेडिकल कॉलेज जाने के प्रयास में जुटे प्रोफेसर हसन को अब उनकी मंजिल मिल गई है।
इससे पहले, डॉ. आभास कुमार सिंह बांदा मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के सीनियर प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। उनके व्यापक अनुभव और उत्कृष्ट कार्यों के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. आभास कुमार सिंह की नियुक्ति से कॉलेज को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके नेतृत्व में कॉलेज का शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर और बेहतर होने की संभावना है।
