डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिलाई सदस्यता
अम्बेडकरनगर। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उठापटक जारी है। जिले के जलालपुर विधानसभा के सिटिंग एमएलए सपा नेता सुभाष राय ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इसी के साथ कई दिनों से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया।
सपा के मौजूदा विधायक ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा जॉइन कर ली। 2019 के उपचुनाव में सुभाष राय ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा की छाया वर्मा को हराया था, जबकि जलालपुर विधानसभा बसपा का गढ़ माना जाता है।
तत्कालीन बसपा विधायक रितेश पांडेय के सांसद चुन लिए जाने के बाद इस्तीफा देने के चलते यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके बाद बसपा से छाया वर्मा, भाजपा से राजेश सिंह और सपा से सुभाष राय ने विधायकी के लिए ताल ठोकी थी।
वर्तमान चुनावी परिदृश्य में दलों में बड़े उलटफेर के चलते जहां राजेश सिंह ने कमल छोड़ कर हाथी की सवारी कर ली, वहीं बसपा सांसद रितेश पाण्डेय के पिता और पूर्व सांसद राकेश पांडेय ने हाथी का साथ छोड़ साइकिल से चलना तय कर लिया। राजेश सिंह के बसपा से फाइनल हो चुके टिकट और पूर्व सांसद राकेश पांडेय की सपा से टिकट की मजबूत दावेदारी ने मौजूदा सपा विधायक के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी थी।
सपा विधायक के टिकट कटने और विधायक के लखनऊ या दिल्ली में होने की अटकलों के बीच बीजेपी द्वारा अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की जानकारी पोस्ट कर दी गई है। विधायक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।