अम्बेडकरनगर में तीन हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ी टीईटी की परीक्षा

अम्बेडकरनगर में तीन हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ी टीईटी की परीक्षा


अम्बेडकरनगर।
कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को जिले में टीईटी की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें कुल 46 हजार 246 अभ्यर्थियों की तुलना में 42 हजार 176 परीक्षार्थियों ने संबंधित केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा दी। 3 हजार 50 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इसके साथ ही कोविड-19 गाइडलाइन का भी गंभीरतापूर्वक पालन कराया गया। टीईटी रविवार को विभिन्न केंद्रों पर संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा कई दिनों से दी जा रही जानकारी के चलते प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने से लगभग एक घंटे पहले ही तमाम परीक्षार्थी केंद्रों तक पहुंच गए। 

टीईटी को सकुशल निपटाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। कुल 46 हजार 246 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 42 हजार 196 परीक्षार्थियों ने ही संबंधित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दी। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार पहली पाली में 49 केंद्रों पर परीक्षा हुई। कुल 26 हजार 125 अभ्यर्थियों को परीक्षा में भाग लेना था, लेकिन 24 हजार 416 परीक्षार्थी संबंधित केंद्र पर पहुंचे। एक हजार 709 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 33 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें कुल 19 हजार 121 अभ्यर्थियों को भाग लेना था, लेकिन 17 हजार 780 ने ही परीक्षा दी। 1341 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उधर, टीईटी को सकुशल निपटाने के लिए एक तरफ जहां सचल दल लगातार संबंधित परीक्षा केेंद्र पर पहुंचकर जायजा लेती रहे। डीएम सैमुअल पॉल एन व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने लगातार विभिन्न केेंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए सुरक्षा के अत्यंत सख्त प्रबंध किए गए थे। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। उनके द्वारा परीक्षार्थियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसके अलावा जिला मुख्यालय के प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई थी। अर्धसैनिक बल संबंधित क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहनों पर कड़ी निगाह रखे हुए थे। बड़े वाहनों के आवागमन पर भी इस बीच जिला मुख्यालय में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

Post a Comment

और नया पुराने