चीनी मिल के मनमाने रवैये से नाराज किसानों ने मिल गेट पर किया हंगामा

चीनी मिल के मनमाने रवैये से नाराज किसानों ने मिल गेट पर किया हंगामा


अम्बेडकरनगर।
अकबरपुर चीनी मिल के मनमाने रवैये से लगातार किसानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आए दिन किसानों की गन्ना लदीं ट्रॉलियां कोई न कोई कमी बताकर वापस की जा रही हैं। इसके चलते अक्सर कर्मचारियों व किसानों में नोकझोंक भी होती रहती है। गुरुवार को एक बार फिर चीनी मिल गेट पर सूखा गन्ना होने का हवाला देकर वापस कर दिया गया। इसके चलते गुस्साए किसान काफी देर तक हंगामा करते रहे। किसानों ने गेट कर्मचारियों पर शोषण का आरोप भी लगाया है। 

बीते दिवस अकबरपुर चीनी मिल कर्मचारियों के रुख को लेकर गन्ना किसान भड़क गए। किसानों का आरोप है कि गेट पर मौजूद कर्मचारी गुणवत्ता जांच के नाम पर शोषण कर रहे हैं। कहा कि जिन किसानों की ओर से प्रति ट्रॉली 200 से 500 रुपये नहीं दिए जाते, उनके गन्ने में कमी बताकर वापस कर दिया जाता है। प्रतिदिन कर्मचारियों की इस मनमानी से किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।गुरुवार को भी कुछ ट्रॅालियों को कर्मचारी गुणवत्ता न ठीक होने की बात कहकर वापस करने लगे। इससे मौजूद किसानों का आक्रोश भड़क गया। 

एकजुट किसानों ने कहा कि जब तक यह मनमानी दूर नहीं होती, तब तक किसान अब अपना गन्ना लेकर चीनी मिल के अंदर नही जाएंगे। किसानों के इस हंगामे के बाद चीनी मिल के दोनों तरफ गन्ना लदीं ट्रॉलियों की लंबी लाइन लग गई। इसके चलते आम नागरिकों को भी आवागमन संकट से जूझना पड़ा। उधर, चीनी मिल प्रशासन ने कहा कि किसानों को गलतफहमी हुई है। जो भी मानक तय हैं, उसके अनुरूप ही गन्ने की खरीद हो रही है।

Post a Comment

और नया पुराने