सपा का झंडा जलाकर लगाया अखिलेश मुर्दाबाद के नारे

सपा का झंडा जलाकर लगाया अखिलेश मुर्दाबाद के नारे


टाण्डा विधानसभा में पूर्व मंत्री राममूर्ति को टिकट दिए जाने से मुस्लिमों में आक्रोश, किया प्रदर्शन

अम्बेडकरनगर। जिले की टाण्डा विधानसभा क्षेत्र मे सपा से पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा को प्रत्याशी बनाये जाने से नाराज टाण्डा क्षेत्र के मुस्लिमों ने विरोध जताना शुरू कर दिया दिया है। बड़ी संख्या में जुटे मुसलमानों ने समाजवादी पार्टी का झण्डा जलाते हुए अखिलेश यादव मुर्दाबाद, सपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही प्रत्याशी हटाओ,सीट बचाओ का नारा भी लगाया।

मुस्लिम बाहुल्य इस विधानसभा क्षेत्र से किसी मुस्लिम प्रत्याशी को मैदान में उतारने की उम्मीद जताई जा रही थी।आधा दर्जन मुस्लिम नेता अपनी दावेदारी भी जता रहे थे, लेकिन पार्टी द्वारा विधान सभा से पूर्व मंत्री राममूर्ति को टिकट दिए जाने से मुस्लिम तबका नाराज हो गया है। बताया जाता है कि इस विधान सभा मे करीब 90 हजार अधिक मुस्लिम मतदाता है।

राम मूर्ति वर्मा इससे पहले अकबरपुर विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे है। 2012 में अकबरपुर से ही चुनाव जीतकर विधायक चुने गए थे और फिर अखिलेश यादव की सपा सरकार में मंत्री भी बनाये गए थे, लेकिन इस बार पार्टी ने बसपा से निष्काषित अकबरपुर विधायक व पूर्व मंत्री राम अचल राजभर को सपा में शामिल होने के बाद अकबरपुर से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

पार्टी ने कद्दावर नेता राममूर्ति वर्मा को शनिवार को टाण्डा से उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। राममूर्ति का टिकट होने के बाद मुस्लिम समाज के कुछ लोग नाराज हो गए। नाराजगी इस कदर बढ़ी कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए समाजवादी पार्टी का झंडा अलीगंज के घूरन शाह बाबा पुलिया के पास जलाया।

रामूर्ति वर्मा के टिकट के बाद से टाण्डा विधानसभा क्षेत्र में सपा से जुड़े मुसलमानो में आक्रोश फैल गया, भीड़ सड़कों पर आकर सपा के विरोध में नारे बाजी करने लगी।बताया जाता है कि रियाज अहमद व मास्टर तारिक अकील के नेतृत्व सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर शनिवार देर शाम सपा पार्टी के विरोध में नारे बाजी करते हुए समाजवादी पार्टी के झंडे को आग के हवाले कर दिया और जमकर नारेबाजी की।

Post a Comment

और नया पुराने