अम्बेडकरनगर। विधानसभा चुनाव-2022 के नामांकन के लिए पुलिस व प्रशासन तैयारी में लगा है। नामांकन की प्रक्रिया चार फरवरी से शुरू होगी। नामांकन 11 फरवरी तक होगा। इस अवधि कलेक्ट्रेट में अभेद्य किले में तब्दील रहेगा। कड़ी सुरक्षा रहेगी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के जवान तैनात रहेंगे।कलेक्ट्रेट के दो गेट बंद रहेंगे। केवल एक गेट से लोगों को प्रवेश मिलेगा। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर से आसपास बैरिकेटिंग होगी।
परिसर में मौके पर बैरिकेटिंग हो भी रही है। इस अवधि में नगर की यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी। इसके लिए कई बैरियर लगेंगे और वहां ट्रैफिक के साथ सिविल पुलिस के जवानों की तैनाती रहेगी। बैरियर टांडा रोड पर पटेलनगर तिराहे पर, कचहरी रोड पर बसपा कार्यालय के सामने, कचहरी रोड पर सीडीओ आवास के सामने, जिला अस्पताल के सामने, टांडा रोड पर अम्बेडकर प्रतिमा के सामने मुख्य मार्ग और कलेक्ट्रेट मोड़, टाण्डा रोड पर हवाई पट्टी के सामने लगेगा।
विधानसभा कटेहरी का न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कक्ष संख्या 41 में, टांडा का बाल न्यायालय कक्ष संख्या 36 में, आलापुर सुरक्षित का न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक कक्ष संख्या 35 में, जलालपुर का न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कक्ष संख्या 30 में और अकबरपुर का न्यायालय जिलाधिकारी कक्ष संख्या दो में होगा। यहां सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे।