अम्बेडकरनगर : जिला अस्पताल के रैन बसेरे में है एम्बुलेंस ड्राइवरों का कब्जा, तीमारदार परेशान

अम्बेडकरनगर : जिला अस्पताल के रैन बसेरे में है एम्बुलेंस ड्राइवरों का कब्जा, तीमारदार परेशान


अम्बेडकरनगर।
जिला अस्पताल में तीमारदारों के लिए बने रैन बसेरे पर एंबुलेंस के चालकों और संचालकों ने कब्जा जमा रखा है। इसके चलते दूर-दराज से मरीजों के तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीमारदारों की तरफ से इस मामले की कई बार अस्पताल प्रशासन से शिकायत की गई, कोई लेकिन कोई नहीं की गई। जिला अस्पताल आए भिखारीपुर गांव के दिलीप और मीरानपुर निवासी भोलानाथ यादव ने बताया, मरीज के साथ आए लोगों को दिक्कतें होती हैं, लेकिन कई बार कहने के बाद रैन बसेरे को खाली नहीं कराया जा रहा है।

जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले उनके तीमारदारों को रहने के लिए अस्पताल के बगल में दो मंजिला रैन बसेरा बना है। रैन बसेरा में दो हाल टाइप के कमरे नीचे और दो ऊपर बने हैं, जिसमें 20 से 25 लोग रह सकते हैं। मरीजों के तीमारदारों को सोने के लिए सीमेंटेड चौकी बनी है, जिस पर बिस्तर लगाकर कोई भी आराम से रात में सो सकता है, लेकिन रैन बसेरा के ग्राउंड फ्लोर पर गाड़ी खड़ी रहती है तो दूसरे फ्लोर पर एंबुलेंस चालक कब्जा किए हैं।

जिला अस्पताल में लाखों रुपए लगाकर मरीजों के तीमारदारों को रहने के लिए बनाए गए रैन बसेरा को 108 एंबुलेंस चालकों ने कब्जा कर रखा है। रैन बसेरा में एंबुलेंस चालकों ने अपना आवास बना रखा है तो संचालकों ने अपना कार्यालय, जहां से एंबुलेंस चालकों की ड्यूटी और अन्य काम होता है। एंबुलेंस चालकों द्वारा रैन बसेरा को कब्जा कर लेने के बाद इस कड़ाके की ठंड में मरीजों के साथ दूर-दराज से आने वाले उनके तीमारदार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रैन बसेरे की साफ-सफाई न होने के कारण पूरे कमरे में गंदगी फैली है। नीचे के फ्लोर में गंदगी का अंबार लगा है। लोग पान और गुटखा खाकर जगह-जगह दीवार व अन्य जगहों को पीकदान बना चुके हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओम प्रकाश ने कहा, मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने