- सत्यम सिंह
अम्बेडकरनगर। ग्राम पंचायतों में बजट के अभाव में रुके काम जल्द शुरू होंगे। पंचायतों को अनटाइड फंड के तहत मिलने वाली 13 करोड़ की धनराशि जल्द मिल जाएगी, जिसके बाद ग्राम पंचायतों में व्याप्त जल निकासी, खड़ंजा, साफ सफाई, नाली निर्माण सहित विकास से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही पूर्व में कराए गए कार्यों की बकाया राशि का भुगतान भी हो सकेगा।
ग्राम पंचायतों के विकास के लिए शासन की तरफ से साल भर में दो बार अनटाइड फंड मिलता है। जिसकी पहली किस्त का भुगतान जल्द ही ग्राम पंचायतों के खाते में पहुंचेगा। वित्तीय वर्ष 2022-23 की यह पहली किस्त राशि होगी। अनटाइड फंड से मिलने वाली पहली किस्त, जिले की 902 ग्राम पंचायतों को 13 करोड़ की धनराशि मिलेगी। इस फंड की राशि का उपयोग ग्राम पंचायतों में पेयजल, जल निकासी, आवागमन, मार्ग प्रकाश, साफ सफाई, चारदीवारी निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्या के निस्तारण में होगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में शासन को जरूरी विवरण भेजा जा चुका है। अनटाइड फंड के तहत 902 ग्राम पंचायतों के खाते में सीधे 13 करोड़ की धनराशि हिस्सेवार पहुंच जाएगी।
