वरीक्षा रखने आए दो वरदेक्खों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर वर पक्ष और एक अन्य परिवार को लूटा

वरीक्षा रखने आए दो वरदेक्खों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर वर पक्ष और एक अन्य परिवार को लूटा


अम्बेडकरनगर। लड़के की शादी के पहले वरीक्षा के लिए लड़के के घर आए लड़की के परिजनों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर लड़के के घरवालों को लूट लिया। इसके चलते घर खुशियां मातम में बदल गई। घर पर वरीक्षा के लिए लड़की वाले आ रहे थे, लेकिन खुशियां गम में बदल गईं, जब वरीक्षा करने आए दो लोगों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर वर पक्ष के साथ पड़ोस के घर को लूट मौके से फरार हो गए। दोनों परिवार के 6 लोगों को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें 3 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बता दें कि हंसवर थाना के गांव जल्लापुर साबुकपुर (उचहुआ) में गांव के मिठाईलाल चौहान और उनका बेटा राजू मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में सिर्फ मिठाईलाल की पत्नी गुलाबा एवं छोटी बेटी ही रहते हैं। राजू की शादी के लिए गांव के पड़ोसी राजितराम की मध्यस्थता पर अयोध्या जिले के थाना गोसाईगंज से दो लोग लड़की की फोटो लेकर दो दिन पहले यहां आए थे। यह दोनों मध्यस्थ राजितराम के घर पर ही ठहरे थे। 

बताया जाता है कि देर रात राजितराम द्वारा मेहमानों के लिए शराब से लेकर मटन तक का इंतजाम किया गया था। बताया जाता है कि खाने बनाए जाने के दौरान वरीक्षा रखने आए लोगों ने खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। रात वरीक्षा करने आए दोनों लुटेरों ने राजितराम और मिठाईलाल के घर में लूटपाट की और रात में ही फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने जब राजितराम के घर का दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा नहीं खुला तो स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा खोलवाया। इस दौरान पूरा घर बिखरा पड़ा था और लोग बेहोश थे। दोनों परिवार के सभी लोगों की बिगड़ी हालत देख पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंभीर अवस्था में राजितराम चौहान, मनीष कुमार, सीमा, गुलाबा, मधुरा और गौरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी में भर्ती कराया है। डा. राजवंत यादव ने बताया कि इन सबकी हालत जहरीला पदार्थ खाने से बिगड़ी है। इस बाबत थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने