अम्बेडकरनगर। प्रेस क्लब के सचिव, पत्रकार बृजेंद्र वीर सिंह की चाची श्रीमती विद्या सिंह का गुरुवार (23 फरवरी 2023) को निधन हो गया। वह 78 साल की थीं। जिले के थाना बेवाना अंतर्गत ग्राम अहलादे के निवासी राधे कृष्ण सिंह (सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी) की पत्नी विद्या सिंह बीते कुछ महीनों से बीमार चल रहीं थीं, जिनका इलाज प्रयागराज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देख-रेख में चल रहा था। दिवंगत विद्या सिंह मम्फोर्डगंज (बेली रोड) प्रयागराज स्थित अपने निजी आवास पर रह कर स्वास्थ्य लाभ ले रहीं थी। वृद्धावस्था व बीमारी के कारण उनका निधन गुरुवार की प्रातः हो गया।वह बेहद सरल, मृदुभाषी, सात्विक और दयालु प्रवृत्ति की थीं।
श्रीमती विद्या सिंह के निधन का समाचार सुनते ही हित-मित्र, रिश्तेदार और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। जिले के पत्रकारों ने पत्रकार की चाची के निधन पर गहरी संवदेना व्यक्त कर शोक जताया और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभी ने उनके प्रयागराज स्थित आवास पहुंचकर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उनकी अंत्येष्टि प्रयागराज के रसूलाबाद स्थित गंगा के किनारे शवदाह स्थल पर किया गया। मुखाग्नि उनके एकलौते पुत्र राजेश कुमार सिंह ने दिया। श्रीमती विद्या सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं हैं। उनके पति राधे कृष्ण सिंह(80) वृद्धावस्था में रोग-ग्रस्त हैं। उनका इलाज प्रयागराज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देख-रेख में हो रहा है।
(रेनबोन्यूज परिवार श्रीमती विद्या सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है और आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है।)
