अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के रामडीह सराय में बिना ड्रेस के स्कूल पहुंचे छात्र को घर वापस भेजना प्रबंधक के परिवार को महंगा पड़ गया। मनबढ़ किशोर छात्र ने एक दर्जन से अधिक छात्रों के साथ प्रबंधक के घर पर पहुंचकर तोड़फोड़ कर प्रबंधक पुत्र और उनकी पत्नी की पिटाई कर दी। प्रबंधक पुत्र के प्रार्थना पत्र पर तीन नामजद व 10-12 अज्ञात के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारने, धमकी, छींटाकशी व तोड़फोड़ के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
बसखारी थाना क्षेत्र के रामडीह सराय में संचालित निजी स्कूल में मोहम्मद समद पुत्र अतीक अहमद निवासी पकड़ी मरहरा जलालपुर कक्षा 9 का छात्र है। आरोप है कि मनबढ़ छात्र मोहम्मद समद आये दिन स्कूल में छात्राओं को अश्लील पत्र लिखकर परेशान करता था। छात्रों की शिकायत पर स्कूल के प्रबंधक पुत्र आत्मा सिंह मौर्य पुत्र चौथी प्रसाद मौर्य समद के अभिभावकों से शिकायत की थी।
आरोप है कि 28 फरवरी को समद बिना ड्रेस स्कूल पहुंच गया। जिस पर प्रबंधक पुत्र ने समद को वापस घर भेज दिया तथा अभिभावकों के साथ आने की नसीहत दी। इसी बात से खफा समद ने अपने साथ मोहम्मद अशफाक पुत्र रियाज अहमद, मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद शमीम निवासीगण मरहरा समेत अपने एक दर्जन साथियों के साथ प्रबंधक के घर पहुंच गया तथा प्रबंधक के घर पर सभी लोगों ने पहले तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके ही घर में घुसकर प्रबंधक के पुत्र आत्मा व उनकी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
पिटाई के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। पिटाई से आत्मा तथा उनकी मां घायल हो गयी। आत्मा ने आरोपियों के खिलाफ बसखारी थाने में प्रार्थना पत्र दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी मिश्र ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
