![]() |
जिलाधिकारी अविनाश सिंह |
- सत्यम सिंह(9369424759)
अम्बेडकरनगर। आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। एक पखवाड़े पहले निचले पायदान पर रहा जनपद अब प्रदेश के टॉप फाइव जिले में शामिल हो गया है। मुख्य सचिव ने इसके लिए जिलाधिकारी व उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पीठ थपथपाया है।
आयुष्मान योजना में पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये का इलाज प्रत्येक वर्ष निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए तेजी से गोल्डन कार्ड बनाने पर राज्य सरकार ने जोर दिया है। इसके बीच बीते 17 सितंबर से विशेष अभियान शुरू हुआ। हालांकि लगभग एक पखवाड़े बाद भी जिले की प्रगति अत्यंत खराब थी। निचले पायदान पर रहने के चलते डीएम अविनाश सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए आधा दर्जन से अधिक विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भोर से लेकर देर रात तक कार्ड बनाने में भूमिका निभाने की जिम्मेदारी का आदेश लिखित रूप से दे दिया।
इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्ड बनाने की प्रक्रिया का औचक निरीक्षण शुरू हुआ। इसका अब असर देखने को मिला है। अंबेडकरनगर जनपद अब प्रदेश के टॉप फाइव जिले में शामिल हो गया है। एक दिन पहले जिला पांचवें पायदान पर था तो दो दिन पहले जिले को चौथा स्थान हासिल हुआ था। तब अंबेडकरनगर से पहले आगरा, सिद्धार्थनगर व हरदोई जनपद ही थे। जिले में कुल 482077 कार्ड बनने हैं। इनमें से अब तक दो लाख से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
जिले को मिली इस उपलब्धि पर मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने डीएम अविनाश सिंह व टीम के अन्य सदस्यों को बधाई दी है। कहा कि इस प्रयास को जिले में आगे अच्छे ढंग से जारी रखना होगा।
