अंबेडकरनगर में मेडिकल एजेंसी संचालक से लूट का पर्दाफाश: चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किए नकदी और बाइक

अंबेडकरनगर में मेडिकल एजेंसी संचालक से लूट का पर्दाफाश: चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किए नकदी और बाइक




अंबेडकरनगर : गत दिनों अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में मेडिकल एजेंसी संचालक के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के साठ हजार रुपये, दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 


अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा संख्या 653/24 धारा 310(2), 317(3) बीएनएस के तहत जांच करते हुए आरोपियों को पकड़ा। यह मामला 24 अक्टूबर की रात का है, जब कृष्णनगर कालोनी के निवासी राजेश कुमार पुत्र राम अछेवर वर्मा अपने मेडिकल एजेंसी को बंद कर घर लौट रहे थे। मयाराम के गजर के पास रात 9 बजे तीन युवकों ने उन्हें रोका, मारपीट की, और तमंचा दिखाकर उनसे दो लाख रुपये, दुकान की चाभी, बिल बाउचर और सब्ज़ी का थैला लूटकर फरार हो गए। 


कैसे हुआ मामले का खुलासा?


घटना की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर शहजादपुर चौकी प्रभारी एसआई अभिषेक त्रिपाठी, अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम के संयुक्त ऑपरेशन में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी सिझौली अंडरपास के पास से हुई। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:


1. सत्यम गौड़ (19 वर्ष) निवासी धिरौली लच्छन, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर

2. शुभम मौर्या उर्फ मिन्टू (22 वर्ष) निवासी धिरौली लच्छन, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर

3. आकाश यादव (21 वर्ष) निवासी मियाचक, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर

4. हिमांशू गौड़ (21 वर्ष) निवासी अकबरपुर विशुनपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर


पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकारा कि लूट के बैग में कुल 95,120 रुपये थे। हालांकि, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 60,000 रुपये की नकदी, दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।



यह भी पता चला है कि गिरफ्तार लुटेरे जौनपुर के कुख्यात लुटेरों में से हैं और अंबेडकरनगर में भी इसी तरह के वारदात को अंजाम देने का इरादा रखते थे। जिला जेल में बैठे एक प्रमुख अपराधी के इशारे पर ये लुटेरे लूट की घटनाओं को अंजाम देना चाहते थे। पुलिस की सतर्कता और संयुक्त टीमों के समन्वय से उनके मंसूबे नाकाम हो गए।


अपराधियों पर लगेगा सख्त शिकंजा


पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि “हमारी पुलिस टीम इस तरह के असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेगी और जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।


अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी विशाल पांडे ने इस सफल ऑपरेशन पर बयान देते हुए कहा, “यह हमारी पुलिस टीम के लिए उपलब्धि है। लूट की इस घटना के बाद पुलिस ने बेहद गंभीरता से मामले की तहकीकात की, जिससे चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी संभव हो पाई। जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, और हम अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए इसी तरह उनके मंसूबों को नाकाम करते रहेंगे।"

Post a Comment

और नया पुराने