आवास योजना में सरकारी धन का दुरुपयोग, लाभार्थियों पर गिरी गाज

आवास योजना में सरकारी धन का दुरुपयोग, लाभार्थियों पर गिरी गाज



अंबेडकरनगर। विकासखंड बसखारी में आवास योजना के तहत मिली धनराशि के बाद भी आवास निर्माण कार्य पूरा न करना तीन लाभार्थियों के लिए महंगा साबित हुआ। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत सचिव ने इन लाभार्थियों के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में बसखारी थाने में केस दर्ज करा दिया है। 



जिले में पिछले छह महीनों से आवास योजना के लाभार्थियों का सत्यापन कार्य चल रहा है। इस जांच में विकासखंड बसखारी के कई लाभार्थियों के आवास अधूरे पाए गए। ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा ऐसे लाभार्थियों को जल्द से जल्द आवास निर्माण पूरा करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। कई लाभार्थियों ने नोटिस के बाद काम शुरू कर दिया, परंतु कुछ ने अब तक कार्य शुरू नहीं किया, जबकि उन्हें आवास निर्माण के लिए दूसरी किस्त भी मिल चुकी है।


सचिव मिथिलेश यादव ने बताया कि लाभार्थियों अनीता (निवासी खेमपट्टी बजदहिया पाईपुर), भीम सिंह और राजेश सिंह (निवासी गन्नीपुर मोतिगरपुर) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन लाभार्थियों में से एक मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत, जबकि अन्य दो प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थी हैं। 


सूत्रों के अनुसार, पंचायत सचिव ने कुल पाँच लाभार्थियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, परंतु खंड विकास कार्यालय ने तीन लाभार्थियों पर ही मुकदमा पंजीकृत किया। 


प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। खंड विकास अधिकारी दिनेश राम ने कहा कि सत्यापन के बाद अनियमितता पाए जाने पर ही मुकदमा पंजीकृत किया गया है। 


बीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने के बावजूद आवास निर्माण कार्य न करने वाले अन्य लाभार्थियों पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

और नया पुराने