आगरा में ग्लोबोइल इंडिया-2022 सम्मेलन में आए योग गुरु बाबा रामदेव ने खुद को उद्यमी बताया। उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी नहीं रामदेव हूं। हालांकि, हम दोनों के नाम 'र' से शुरू होते हैं।" अगला पीएम कौन होगा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2024 में पीएम तो मोदी ही बनने वाले हैं।"
ताजमहल और तेजोमहल विवाद पर बाबा रामदेव ने कहा कि वह राजनीति नहीं करना चाहते हैं। ताजमहल देखने की बात पर कहा कि पहले एक बार देख लिया। अब देखने नहीं जाना है। ताजमहल में भगवा पहनकर एंट्री विवाद पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। कहा- भगवा और किसी संन्यासी का प्रवेश कहीं निषेध नहीं हो सकता है। योगी राज में तो बिल्कुल नहीं। उस विवाद का कोई और कारण रहा होगा।
बाबा रामदेव ने कहा कि अखिलेश यादव विपक्ष के अच्छे नेता हैं। सत्ता पर टिप्पणी करना एक अच्छे नेता का राजधर्म है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ है कि पक्ष और विपक्ष दोनों अच्छे हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध के लिए बाबा रामदेव ने अमेरिका की कूटनीति को कारण बताया। रामदेव ने कहा, "भारत कभी युद्ध में विश्वास नहीं रखता है। वर्तमान में परमाणु बम की धमकी तो सभी देश देते हैं। पाकिस्तान भी रोज कहता है कि परमाणु बम छोड़ देंगे। लेकिन, सब जानते हैं कि किसी ने भी ऐसा किया, तो उसके एक बम छोड़ते ही उस पर अलग-अलग देशों से 100 बम गिरा दिए जाएंगे।"
बाबा रामदेव ने लोगों को सीख देते हुए कहा, "जो भारत के लिए सोचता है, भारत उसके लिए सोचता है। पहले मुझ निर्धन संन्यासी को करोड़ों रुपए का दान दिया। बाद में हमारे उत्पाद को भी अपनाया। इसलिए तय कर लो जब तक दम में दम है, तब तक बेदम नहीं होना चाहिए। आगरा के लोगों को आशीर्वाद देकर जा रहा हूं और अगर किसी को नौकरी न मिले तो वह हमारे पास आ जाए। हम उसे रोजगार देंगे। भविष्य में हम 5 लाख लोगों को रोजगार देने के लिए काम कर रहे हैं।"
रामदेव ने कहा, "लंपी वायरस के आने के बाद घी महंगा हुआ है। हम कॉरपोरेट जगत में हैं, लेकिन हमारा काम जनता को लाभ देना है। कोरोना काल में हमने ग्राहकों को सस्ती दवाएं और अन्य उत्पाद देकर 10 हजार करोड़ का फायदा पहुंचाया। अगर हम ग्राहक की न सोच कर वो पैसा निवेश कर लेते तो अब तक 50 हजार करोड़ कमा लेते।"
सोशल मीडिया पर पतंजलि द्वारा बीफ बिरयानी मसाला बेचे जाने के सवाल का रामदेव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "यह झूठी अफवाह है। आज तक हमारे यहां एक भी विदेशी ब्रांड की आलोचना नहीं हुई। लेकिन, बाबा रामदेव के ब्रांड से लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। उनके कंपटीटर उनके ब्रांड की लोकप्रियता से जल रहे हैं।"
.jpg)