- विद्यालय की जमीन पर लोगों ने जबरिया बनवा लिया घर
- चिंता का सबब बनी शिक्षा विभाग, जिला / तहसील प्रशासन की उदासीनता
- बेवाना में सरकारी भूमि और भवन पर अवैध रूप से काबिज दबंगों का मनोबल बढ़ा
अंबेडकरनगर। अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के बेवाना स्थित परिषदीय कन्या जूनियर हाई स्कूल की जमीन पर गांव के आधा दर्जन दबंग लोग अवैध रूप से कब्जा करके अपना मकान बनाकर दशकों से रह रहे हैं। इन दबंग लोगों में से एक ने बेवाना गांव स्थित परिषदीय विद्यालय के एक रिहायशी भवन पर भी कब्जा कर रखा है। यह भवन पुराना थाना और प्राथमिक पाठशाला बेवाना के निकट स्थित जीर्ण शीर्ण अवस्था में है। नए कथित स्वामी द्वारा इस भूमि पर भव्य इमारत बनाए जाने की योजना बताई जाती है।
बताया गया है कि बेवाना के परिषदीय स्कूल की भूमि पर एक आवास बना है। इसमें अब्दुलनिशा (बहन जी) नामक एक महिला टीचर अपने बेटे मोहम्मद अशफाक के साथ निवास करती थी। उनका निधन अरसा पहले हो गया। लेकिन भवन को दिवंगत बहन जी के पुत्र अशफाक और उसके परिवार ने अपने इस्तेमाल में ले रखा था। अब वह भी अपने परिवार सहित बेवाना छोड़कर अन्यत्र चला गया।
चर्चा है कि बहन जी के लड़के अशफाक ने उक्त सरकारी विद्यालय भवन को बेवाना निवासी एक पैसा वाले व्यक्ति को बेंच दिया। सरकारी भवन के इस खरीद फरोख्त में कोई लिखा पढ़ी नही हुई थी।
अशफाक ने विद्यालय भवन को दबंग के हाथों बेच दिया और नगद पैसा लेकर भवन का कब्जा दे दिय।अब उस भवन पर अनाधिकृत रूप से उक्त दबंग व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है।
बेवाना में सरकारी और विद्यालय की जमीनों पर अवैध कब्जा किए जाने संबंधी खबरें अनेकों बार मीडिया में प्रसारित और प्रकाशित हो चुकी हैं। बावजूद इसके अवैध कब्जेदारों के चंगुल से सरकारी जमीन और भवन को मुक्त नही कराया जा सका है। इससे दबंगों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिला मजिस्ट्रेट अकबरपुर एवम तहसील अकबरपुर के राजस्व कर्मियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ग्राम वासियों ने माग किया है कि दबंगों के अवैध कब्जों से सरकारी भवन और जमीनों को मुक्त कराया जाए।
